प्रयागराज में जनगणना की तैयारियां तेज – डीएम मनीष वर्मा

इस चरण में जिले के सभी घरों, भवनों और उनके उपयोग की जानकारी एकत्र की जाएगी

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

ब्यूरो प्रयागराज- जनगणना 2026 को लेकर प्रयागराज जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज संगम सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
 
डीएम मनीष वर्मा ने बताया कि जनगणना का पहला चरण मकानों की गणना से शुरू होगा। इस चरण में जिले के सभी घरों, भवनों और उनके उपयोग की जानकारी एकत्र की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में प्रत्येक परिवार और उसमें रहने वाले लोगों का विस्तृत डेटा संकलित किया जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि मकान गणना के दौरान यह देखा जाएगा कि भवन आवासीय है या व्यावसायिक, उसमें कितने कमरे हैं, और बुनियादी सुविधाएं जैसे पानी, बिजली और शौचालय की उपलब्धता कैसी है। इस प्रक्रिया से जिले के आधारभूत ढांचे की सटीक तस्वीर सामने आएगी, जो भविष्य की योजनाओं के निर्माण में सहायक होगी।
 
डीएम ने यह भी बताया कि जनगणना कार्य के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि डेटा संग्रहण पूरी तरह सटीक और पारदर्शी हो सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना टीम को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे विकास योजनाओं को सही दिशा मिल सके।
 
प्रेस वार्ता के दौरान अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना पूरी तरह गोपनीय प्रक्रिया है और इसमें दी गई जानकारी का उपयोग केवल सरकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए ही किया जाएगा।
 
जिला प्रशासन ने जनगणना को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का दावा किया है और उम्मीद जताई है कि प्रयागराज में यह कार्य निर्धारित समय में सुचारू रूप से पूरा किया जाएगा।

About The Author

Post Comments

Comments