शादी के नाम पर बेटियों की तस्करी रोकें प्रशासन: भरपटिया चौपाल में पप्पू पांडे की चेतावनी
कुशीनगर। पडरौना विकास खंड के भरपटिया ग्रामसभा में रविवार, 26 अप्रैल 2026 को मानव तस्करी और बेटी बचाओ अभियान के तहत एक बृहद चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता पप्पू पांडे रहे, जबकि संचालन चंदन पांडेय ने किया।
चौपाल को संबोधित करते हुए पप्पू पांडे ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनपद में गरीब और दलित बस्तियों को निशाना बनाकर शादी के नाम पर बेटियों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि बरेली, अजमेर, राजस्थान सहित अन्य बड़े शहरों से जुड़े दलाल कुशीनगर में सक्रिय हैं, जो मजबूर परिवारों को झांसा देकर उनकी बेटियों को खरीदते हैं और उन्हें दूसरे शहरों में ले जाकर शोषण करते हैं।
उन्होंने प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि तस्करों की गिरफ्तारी तो हो रही है, लेकिन उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
पप्पू पांडे ने कहा कि सरकार द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इन प्रयासों को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने समाज से भी जागरूक होने की अपील करते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने आरती और गंगाजल लेकर संकल्प लिया कि वे बेटियों की तस्करी नहीं होने देंगे और उन्हें सशक्त बनाएंगे।
इस मौके पर रमाकांत, अशोक, प्रमोद, संतोष, मनोज, विद्यावती, तूफानी, शांति देवी, किस्मती, फेकनी, रामकिशन, मीना, शकुंतला, रामाधार, उमापति, लखराजी, नागिया, चिंता सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।


Comments