मोहनलालगंज में फार्मर रजिस्ट्री सत्यापन पर प्रशासन सख्त, एसडीएम का औचक निरीक्षण

.......दयालपुर पंचायत भवन में पहुंचे अधिकारी;  मौके पर सुनी किसानों की समस्याएं, तेजी लाने के दिए निर्देश

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मोहनलालगंज, लखनऊ। राजधानी के लखनऊ के मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत दयालपुर में बुधवार को किसान सम्मान निधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई। फार्मर रजिस्ट्री सत्यापन कार्य का औचक निरीक्षण करने पहुंचे उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पवन पटेल और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) आशुतोष श्रीवास्तव ने व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
 
पंचायत भवन में चल रहे पंजीकरण और सत्यापन कार्य की जमीनी स्थिति परखते हुए अधिकारियों ने किसानों से सीधे संवाद किया। एसडीएम पवन पटेल ने किसानों से बातचीत कर प्रक्रिया में आ रही तकनीकी और व्यवहारिक समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए।
 
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पंचायत सचिव शशांक शुक्ला को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सत्यापन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पात्र किसानों का डाटा शुद्धता के साथ समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर अपडेट किया जाए, ताकि कोई भी किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह सके।
 
वहीं बीडीओ आशुतोष श्रीवास्तव ने भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए स्वयं कई किसानों के अभिलेखों की जांच की और उनका सत्यापन कार्य पूरा कराया। इस अभियान को सफल बनाने में स्थानीय टीम की महत्वपूर्ण भागीदारी रही।
 
पंचायत सहायक ओशिता साहू और समाजसेवी शैलेंद्र शुक्ला ने गांव में घर-घर संपर्क कर किसानों को पंचायत भवन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। साथ ही किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लाभों के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक दस्तावेज पूरे कराने में सहयोग किया।अधिकारियों के इस औचक निरीक्षण और सक्रियता से ग्रामीणों में संतोष देखने को मिला और बड़ी संख्या में किसानों ने अपना पंजीकरण एवं सत्यापन कार्य पूर्ण कराया।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार