बलिया में फॉर्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रशासन अलर्ट: 6 से 15 अप्रैल तक विशेष कैंप, हर दो घंटे में होगी मॉनिटरिंग

डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने दिए निर्देश, गांव-गांव अभियान चलाकर इस माह 100% रजिस्ट्री का लक्ष्य

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलिया में फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान को तेज गति देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गंगा बहुउद्देशीय सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर 6 से 15 अप्रैल तक जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जनपद, तहसील और ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। इन कंट्रोल रूम के माध्यम से हर दो घंटे में प्रगति की समीक्षा की जाएगी, ताकि कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई न हो।
 
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैंप की सूचना पहले से ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। साथ ही किसानों को कैंप तक लाने के लिए सफाई कर्मियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और कोटेदारों का सहयोग लेने को भी कहा गया।लेखपालों को विशेष जिम्मेदारी देते हुए डीएम ने कहा कि जिन किसानों के नाम खतौनी में गलत दर्ज हैं या अंश निर्धारण में त्रुटि है, उसे तत्काल ठीक किया जाए, ताकि रजिस्ट्री प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। उन्होंने कम प्रगति वाले गांवों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश भी दिए।
 
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 6 से 15 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान का लक्ष्य इसी माह 100 प्रतिशत फॉर्मर रजिस्ट्री पूर्ण करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए 15 अप्रैल तक लक्ष्य हासिल करने की अपील की। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन, सभी एसडीएम, बीडीओ, लेखपाल, उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें