साइबर ठगी का पर्दाफाश – दो साइबर अपराधी गिरफ्तार, मोबाइल फोन बरामद

टेलीग्राम के जरिए निवेश के नाम पर ₹1.05 लाख की ठगी, तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

नई दिल्ली| शाहदरा जिला पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टेलीग्राम आधारित निवेश ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई थाना साइबर शाहदरा की टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल जांच के आधार पर की गई, जिससे एक संगठित साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।यह मामला 12 नवंबर 2025 को सामने आया, जब शाहदरा निवासी 30 वर्षीय रमन शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके साथ टेलीग्राम के माध्यम से निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की गई है।
 
शिकायत के अनुसार, 18 जुलाई 2025 को उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप के जरिए संपर्क किया गया, जहां अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें क्रिप्टो ट्रेडिंग और आकर्षक निवेश योजनाओं का लालच दिया। ठगों ने फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट और अन्य लोगों के लाभ के झूठे दावे दिखाकर उनका विश्वास जीत लिया। इन झूठे प्रलोभनों में आकर शिकायतकर्ता ने कुल ₹1,05,969/- की राशि तीन अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में ट्रांसफर कर दी। इस संबंध में थाना साइबर शाहदरा में एफआईआर संख्या 120/2025 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
 
जांच के दौरान एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें इंस्पेक्टर विनीत कुमार के नेतृत्व में एचसी धर्मेंद्र, एचसी विकास और एचसी संदीप शामिल थे। टीम ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच और मोबाइल नंबरों की ट्रैकिंग के माध्यम से आरोपियों की पहचान की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दो आरोपियों—रिंकू (28 वर्ष), निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश और अभिषेक यादव (26 वर्ष), निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश—को गिरफ्तार कर लिया जांच में सामने आया कि आरोपी रिंकू उस मोबाइल नंबर का मुख्य उपयोगकर्ता था, जो सीधे उस बैंक खाते से जुड़ा हुआ था जिसमें ठगी की राशि प्राप्त हुई थी।
 
वहीं, अभिषेक यादव उस मोबाइल नंबर को संचालित करता था, जिस पर ओटीपी और लेनदेन से संबंधित अलर्ट प्राप्त होते थे। गिरफ्तारी के समय दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल ठगी के लेनदेन और संचार के लिए किया जा रहा था शाहदरा पुलिस की इस त्वरित और तकनीकी रूप से सशक्त कार्रवाई ने साइबर अपराधियों के खिलाफ कड़ी सतर्कता का संदेश दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है, जिसमें इस ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें