खड्डा में बाल विवाह रोकने को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला, 60 प्रतिभागियों ने लिया संकल्प
खड्डा, कुशीनगर। मानव सेवा संस्थान के तत्वावधान में पंचायत भवन पकड़ी वृजलाल, खड्डा में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ जिला स्तरीय कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त बाल विवाह के प्रति लोगों को जागरूक करना और इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्रीकिषुन यादव ने की। कार्यशाला में कुल 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें लगभग 50 किशोरियों और स्थानीय महिलाओं की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए दुर्गेश कश्यप ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य समाज में फैली बाल विवाह की कुरीति को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से ही इस सामाजिक बुराई पर रोक लगाई जा सकती है।
अध्यक्षता कर रहे ग्राम प्रधान श्रीकिषुन यादव ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसे अभियान बेहद जरूरी हैं, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और बाल विवाह जैसी कुप्रथा पर अंकुश लगाया जा सकेगा। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अमरावती ने बाल विवाह को कानूनन अपराध बताते हुए कहा कि इसके विरुद्ध कड़े दंड का प्रावधान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली ऐसी घटनाओं की सूचना संबंधित विभाग को दें और इसे रोकने में सहयोग करें।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अन्नपूर्णा देवी, आशा कार्यकर्ता विशाखा तिवारी, इन्द्रवती सिंह, उर्मिला चौहान एवं संगीता चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने बाल विवाह को समाज के लिए गंभीर समस्या बताते हुए इसके उन्मूलन हेतु जन-जागरूकता को आवश्यक बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। अंत में रजत गुप्ता ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानव सेवा संस्थान आगे भी समाजहित में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

Comments