संदिग्ध हालात में फन्दे में लटकता मिला पीडब्ल्यूडी कर्मी का शव

परिजनों ने प्रेमिका व उसकी मां पर जताई हत्या की आशंका

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

गोपीगंज। कोतवाली गोपीगंज क्षेत्र के रामपुर घाट गांव में गुरुवार की रात एक पीडब्ल्यूडी कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर झूलने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मृतक की प्रेमिका और उसकी मां पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार रामपुर घाट (अमिलौर)निवासी सुरेंद्र वर्मा (30) पुत्र स्व. लल्लन वर्मा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में कर्मचारी थे। बीती रात गांव के बाहर स्थित उनके मकान के एक कमरे में उनका शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और फंदे से उतारकर आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई जितेंद्र वर्मा ने गोपीगंज कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि रात करीब 12 बजे पड़ोसियों से सूचना मिली कि उसका भाई कमरे में फांसी के फंदे पर झूल रहा है। पड़ोसियों के अनुसार गांव की ही एक युवती, जिससे मृतक का प्रेम संबंध बताया जा रहा है, और उसकी मां ने ही सबसे पहले फांसी की सूचना दी थी और इसके बाद वहां से चली गईं।

भाई ने आशंका जताई है कि उसके भाई की मौत के पीछे प्रेमिका और उसकी मां का हाथ हो सकता है। उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।उधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि सुरेंद्र वर्मा तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और अभी उनकी शादी नहीं हुई थी। उनकी मां आंखों से दिव्यांग हैं और परिवार की आजीविका मुख्य रूप से उन्हीं की आय पर निर्भर थी। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार