नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
होली खेलने के बाद स्नान करने गए दो किशोरों की त्रिवेणी संगम में डूबने से मौत
गिरिडीह, झारखंड:- गिरिडीह जिले में होली के दिन एक दर्दनाक हादसे में दो किशोरों की नदी में डूबने से मौत हो गई। यह घटना जमुआ और देवरी प्रखंड की मध्य सीमा पर स्थित गोदावरी त्रिवेणी संगम में बुधवार को हुई। मिली जानकारी के अनुसार, देवरी थाना क्षेत्र के चतरो बाजार निवासी संजय साव के पुत्र करण कुमार और पुरनीगड़िया गांव निवासी कृष्णा विश्वकर्मा के पुत्र दीपक कुमार होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ स्नान करने के लिए त्रिवेणी संगम गए थे।
स्नान के दौरान दोनों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग नदी में उतरकर खोजबीन में जुट गए। आसपास के युवकों ने काफी देर तक पानी में दोनों की तलाश की। बाद में बेंगाबाद के खंडोली से गोताखोरों की टीम भी मौके पर पहुंची। करीब ढाई से तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया।
इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जब दोनों किशोरों के शव गांव लाए गए तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और गांव का माहौल गमगीन हो गया। खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत हुई है।

Comments