महिला और 5 वर्षीय बेटी के अचानक लापता होने से सनसनी
परिवार ने की पुलिस से मदद की अपील
उन्नाव के नवाबगंज में महिला और 5 साल की बेटी लापता, मोबाइल बंद होने से बढ़ी चिंता
उन्नाव (उत्तर प्रदेश) – नवाबगंज के अजगैन थाना क्षेत्र से एक महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी के अचानक लापता होने की खबर ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। परिवार और पुलिस दोनों ही इनकी तलाश में जुट गए हैं। घटना की जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी को 27 वर्षीय कोमल पत्नी और उसकी पाँच वर्षीय बेटी वैष्णवी लखनऊ से अपने मायके अजगैन थाना क्षेत्र के सेरसा गांव जा रही थीं। परिजन बताते हैं कि सुबह लगभग 11 बजे वह घर से निकलीं और शाम करीब 4 बजे सेरसा गांव पहुंच गईं, लेकिन वहां घर पर कोई नहीं मिला और ताला लगा हुआ था। परिवार के अनुसार शाम लगभग 5 बजे कोमल ने अपने भाई विवेक को फोन कर बताया कि घर पर कोई नहीं है और वह वापस लखनऊ लौट रही है, लेकिन उसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। परिवार ने रात 10 बजे तक उनके वापस न लौटने पर खुद तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन 25 फरवरी को परिवार ने एसएसपी से शिकायत की और पुलिस को प्रार्थना पत्र देते हुए गुमशुदगी दर्ज कर जल्द कार्रवाई व खोजबीन तेज करने की मांग की। कुलदीप कुमार पति ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में लिखा कि मोबाइल सर्विलांस कर संभावित स्थानों का पता लगाया जाए। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मोबाइल डिटेल, संभावित रूट तथा आसपास के इलाकों में खोजबीन की जा रही है। फिलहाल कोमल और वैष्णवी का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, लेकिन पुलिस की टीम लगातार तलाश में लगी हुई है। पुलिस ने परिजनों को भी संयम बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध जानकारी का तुरंत साझा करने की अपील की है, ताकि मां-बेटी को सुरक्षित ढूंढा जा सके।

Comments