नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
डंपर से भिड़ी पिकअप, चालक समेत चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत
कटर मशीन से काटकर पिकअप सवार तीनों को बाहर निकाला
लालगंज (रायबरेली)। बांदा से टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात बदई का पुरवा गांव के पास गिट्टी लदे डंपर और पिकअप वाहन की आमने सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप वाहन डंपर के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में चाचा भतीजा समेत तीन वाहन चालक की मौत हो गई। डंपर हमीरपुर के कबरई से गिट्टी लादकर बनारस की ओर जा रहा था जबकि पिकअप जौनपुर से दिल्ली लौट रही थी।
बदई का पुरवा के पास रात करीब साढ़े बारह बजे दोनों वाहन आमने सामने टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों लोग वाहन के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ग्राइंडर से वाहन को काटकर तीनों को बाहर निकाला।
लेकिन तब तक पिकअप चालक रोहित (26) पुत्र जवाहरलाल निवासी मूर्ति बिहार चौक, शिकारपुर, बुलंदशहर, वाहन स्वामी विपिन (36) पुत्र प्रेमचंद्र निवासी विश्वास नगर, संजय अमर कॉलोनी, शाहदरा, दिल्ली तथा उनके चाचा अखिलेश सरोज (45) पुत्र फूलचंद्र निवासी कुंवरपुर पवारा, जौनपुर की मौके पर ही मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक विपिन के चाचा बालचंद्र सरोज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Comments