अपराधियों को चेतावनी: भू-माफिया, नशीले कारोबारियों और चायनीज मांझा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी — यशवीर सिंह

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बस्ती। बस्ती जिले  में कानून-व्यवस्था को लेकर नवागत पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि भू-माफिया, जबरन जमीनों पर कब्जा करने वाले, चायनीज मांझा बेचने वाले और नशीली दवाओं के कारोबार में लिप्त तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
 
पुलिस अधीक्षक ने आगामी त्योहारों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मेलों और सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की दुर्व्यवस्था न हो। वाहनों की समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अतिरिक्त निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं के साथ छेड़खानी, चेन स्नैचिंग और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
 
उन्होंने दोहराया कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित और शोषित व्यक्तियों को समय पर न्याय दिलाना प्राथमिकता होगी, वहीं अपराधियों को किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं मिलेगा। राजस्व संबंधी मामलों पर भी पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्यप्रणाली विकसित की जाएगी, ताकि विवादित मामलों में राजस्व टीम और पुलिस मौके पर पहुंचकर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तालमेल के जरिए जमीन से जुड़े विवादों और अवैध कब्जों पर प्रभावी रोक लगाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक के रूख को देखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के लिए पुलिस की यह सख्ती आने वाले दिनों में और तेज होती नजर आएगी।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें