राजनीति
गोरखपुर पुलिस में नई शुरुआत: एक्शन मोड में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ
पहले ही कार्यदिवस पर दफ्तरों का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों पर सख्त रुख
ब्यूरो- शत्रुघ्नं त्रिपाठी
गोरखपुर।
जनपद के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी कार्यशैली का स्पष्ट संकेत दे दिया है। शनिवार को विधिवत कार्यभार संभालने के बाद सोमवार को उन्होंने कार्यालय में पहला कार्यदिवस बिताया, लेकिन उससे पहले ही पुलिस कार्यालय के सभी संभागों और शाखाओं का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था को परख लिया। उनके इस कदम से पुलिस महकमे में अनुशासन और सक्रियता का माहौल बनता नजर आया।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस लाइन स्थित आदेश कक्ष और उससे जुड़े विभिन्न अनुभागों का विस्तार से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटल प्रभारियों से लंबित मामलों की जानकारी ली और अभिलेखों, रजिस्टरों तथा प्रार्थना पत्रों के रख-रखाव की स्थिति देखी। कई स्थानों पर कमियां मिलने पर उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश दिए और चेताया कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कहा कि पुलिस कार्यालय आम जनता के लिए न्याय और उम्मीद का केंद्र होता है। यहां आने वाला हर फरियादी समाधान की अपेक्षा करता है, ऐसे में शिकायतों को लंबित रखना गलत परंपरा है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का समय से पंजीकरण किया जाए, उसकी प्रगति नियमित रूप से दर्ज हो और फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
डॉ पांडेय, एसपी मंदिर संतोष कुमार तथा सीओ ऑफिस दीपांशी सिंह राठौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने अनुभाग की कार्यप्रणाली से एसएसपी को अवगत कराया।
निरीक्षण के अंत में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट कहा कि अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा, जबकि लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई तय है। उनके इस सख्त लेकिन सकारात्मक संदेश से पुलिस महकमे में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और आने वाले दिनों में व्यवस्था में और सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Comments