बरही में पहली बार बिजनेस कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन, उद्यमियों को मिला मार्गदर्शन
श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने डिजिटाइजेशन, निवेश और व्यवसाय विस्तार पर रखे विचार
बरही, हजारीबाग, झारखंड:- नगर भवन बरही में पहली बार बिजनेस कॉन्क्लेव का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया गया। श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, व्यापारियों और युवाओं को व्यवसाय की आधुनिक अवधारणाओं से जोड़ना, उन्हें नए अवसरों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटाइजेशन और निवेश के माध्यम से व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कॉन्क्लेव का माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण रहा, जिसमें बरही और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में व्यापारी, युवा उद्यमी और समाजसेवी शामिल हुए। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय व्यापारिक समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला, क्योंकि यह पहली बार था जब बरही जैसे क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर बिजनेस कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ व्यवसायी संघ अध्यक्ष कपिल केसरी सहित उपस्थित गणमान्य लोगों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य कैलाश कुमार व संचालन अमरजीत कुमार पांडेय ने किया। उद्घाटन के दौरान वक्ताओं ने इस आयोजन को बरही के व्यापारिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर प्रसिद्ध पुस्तक ब्रोकन प्रॉमिसेस के लेखक एवं भाजपा झारखंड के प्रवक्ता मृत्युंजय शर्मा, बिजनेस कंसल्टेंट एवं मल्टीपल बिजनेस ओनर पंकज सोनी, झारखंड सोलर सर्विस के हेड सह रिलायंस फैशन वर्ल्ड के प्रमुख आशीष कुमार, चार्टर्ड एकाउंटेंट अभिषेक कुमार तथा बिजनेस एडवाइजर रंजीत चंद्रवंशी बतौर मुख्य वक्ता मौजूद रहे। अतिथियों को शॉल व मोमेंटो प्रदान कर स्वागत किया गया।
मुख्य वक्ता मृत्युंजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में व्यवसाय केवल लाभ कमाने का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह समाज और राष्ट्र निर्माण का भी मजबूत आधार बन चुका है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नवाचार, ईमानदारी और दीर्घकालिक सोच के साथ व्यवसाय में कदम रखें। बिजनेस कंसल्टेंट पंकज सोनी ने व्यवसाय प्रबंधन, ब्रांडिंग और नेटवर्किंग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सही रणनीति और निरंतर प्रयास से छोटे व्यवसाय भी बड़े स्तर पर स्थापित हो सकते हैं।
झारखंड सोलर सर्विस के हेड आशीष कुमार ने सोलर ऊर्जा और रिन्यूएबल सेक्टर में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाला समय हरित ऊर्जा का है और सोलर जैसे क्षेत्रों में निवेश कर व्यवसायी न केवल मुनाफा कमा सकते हैं बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे सकते हैं। चार्टर्ड एकाउंटेंट अभिषेक कुमार ने टैक्स प्लानिंग, लेखा-जोखा और वित्तीय अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत फाइनेंशियल मैनेजमेंट के बिना कोई भी व्यवसाय स्थिर और दीर्घकालिक रूप से सफल नहीं बन सकता।
वहीं बिजनेस एडवाइजर रंजीत चंद्रवंशी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म, ऑनलाइन मार्केटिंग और ई-कॉमर्स की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में व्यापार को ऑनलाइन माध्यम से जोड़ना बेहद जरूरी हो गया है। कार्यक्रम में व्यवसायी संघ अध्यक्ष कपिल केसरी ने अपने संबोधन में कहा कि बरही क्षेत्र के व्यापारियों और युवाओं के लिए यह कॉन्क्लेव एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि बरही में पहली बार इस प्रकार का बिजनेस कॉन्क्लेव आयोजित होना गर्व की बात है।
ऐसे आयोजन स्थानीय उद्यमियों को आगे बढ़ने, नई तकनीक अपनाने और बड़े बाजार से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। हमें उम्मीद है कि इससे बरही के व्यापारिक विकास को नई गति मिलेगी और युवा स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित होंगे। उन्होंने आगे कहा कि बरही के व्यापारी प्रतिभाशाली हैं, जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन और प्लेटफॉर्म देने की, ताकि वे अपने व्यवसाय को राज्य और देश स्तर तक ले जा सकें। इस कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता सह व्यवसायी भरत यादव की भी विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को स्थानीय व्यापारियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि व्यवसाय को सही दिशा देना, सोच को विस्तार देना और डिजिटाइजेशन की ओर कदम बढ़ाना ही इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है। उपस्थित उद्यमियों ने भी इस आयोजन को प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। बरही में आयोजित यह पहला बिजनेस कॉन्क्लेव निश्चित रूप से स्थानीय व्यापारिक विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
कॉन्क्लेव में व्यवसायी भरत यादव, मनोज केशरी, उमेश ठाकुर, नंदकिशोर कुमार, पिंटू केशरी, धर्मपाल केशरी, सरयू साव, प्रदीप चंद्रवंशी, गौतम केशरी, टुनटुन कुमार, प्रशांत मधेशिया, दिवाकर कुमार सिंह, बलराम केशरी, निरंजन केशरी, चुन्नू केशरी, दीपू कुमार, धर्मेंद्र कुमार, प्रभात कुमार, विकास कुमार, रवि केशरी, टिंकू गुप्ता, सुदेश कुमार, बंटी गुप्ता, गोविंद केशरी, सन्नी कुमार, बंटी केशरी, राहुल गुप्ता, बसंत सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी एवं उद्यमी उपस्थित थे।

Comments