संबंधित खबरें
नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
69 ग्रामीणों पर हाइवे जाम करने व मारपीट तथा पथराव का केस
लालगंज, प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने हाइवे पर मासूम का शव रखकर जाम लगाने वाले उन्हत्तर ग्रामीणों पर केस दर्ज किया है। दरोगा ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि जाम लगाने के साथ ही आरोपियों ने समझाने पर पुलिस से मारपीट व वाहनों पर पथराव भी किये। लालगंज कोतवाली के चांदीपुर, भदारी कला गांव निवासी धर्मेश सरोज का पुत्र देव सरोज 09 बीती तेरह जनवरी की शाम बाइक की टक्कर से घायल हो गया था। घटना को लेकर घायल मासूम के चाचा सोनू सरोज की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी गांव निवासी पूरे कलंदर निवासी बलवन्त वर्मा पुत्र संतलाल वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इधर प्रयागराज में इलाज के दौरान आठ फरवरी की रात देव सरोज की मौत हो गयी। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने सोमवार की सुबह मासूम का शव लेकर नगर स्थित संगम चौराहे पर पहुंचे और हाइवे पर जाम लगा दिया। पुलिस का आरोप है कि समझाने के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस से गालीगलौज व मारपीट की तथा धमकी दी। इसके साथ ही वाहनों पर पथराव भी किया। दरोगा राजेश यादव की तहरीर पर पुलिस ने गांव के संदीप पाल, बृजेश, हरिकेश विश्वकर्मा, शिवदुलारे यादव, आशा देवी, शोभा देवी, गुडडी समेत नौ नामजद व साठ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Comments