राजनीति
कानपुर हादसा: बाइक सवार को टक्कर मारने वाली लैम्बोर्गिनी का चालक तंबाकू कारोबारी का बेटा निकला, शिवम मिश्रा की पहचान
लैम्बोर्गिनी हो या छोटी कार कानून सबके लिए बराबर है, पक्षपात नहीं होगा - पुलिस आयुक्त
कानपुर।
कानपुर में बाइक सवार को टक्कर मारने वाली लैम्बोर्गिनी कार के चालक की पहचान शिवम् मिश्रा के नाम से हुई, जो कि एक बड़े तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा का बेटा
कल कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रेव थ्री माल के पास एक लैम्बोर्गिनी कार द्वारा एक बाईक सवार के टक्कर मार देने से बाइक सवार घायल हो गया था जिसमें अब एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उस लैम्बोर्गिनी कार का चालक शिवम् मिश्रा था।
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने कहा है कि कानून सबके लिए बराबर है इसलिए चाहे लैम्बोर्गिनी वाला हो या छोटी कार वाला कार्रवाई जरुर होगी, विवेचना जारी है। शिवम मिश्रा कानपुर के बड़े तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा का बेटा है और लोगों द्वारा पुलिस पर पक्षपात के आरोप लगाए जा रहे थे।
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि दिनांक 8.02.2026 को थाना ग्वालटोली क्षेत्रान्तर्गत हुई सड़क दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। यह दुर्घटना लैम्बोर्गिनी कार से हुई है। उक्त वाहन ने खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल वाहन के नीचे आ गई।

मोटरसाइकिल तौफीक नामक व्यक्ति की थी, दुर्घटना में तौफीक को हाथ और पैर में चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था, उपचार के बाद उन्हें जाने दिया गया।
उन्होंने बताया कि पीड़ित द्वारा थाने आकर प्रार्थना-पत्र दिया गया, जिसके आधार पर एफआईआर पंजीकृत कर ली गई है। प्रारंभ में चालक का नाम ज्ञात न होने के कारण वाहन के विवरण के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। वाहन को सीज कर दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि वाहन को शिवम मिश्रा पुत्र के.के. मिश्रा चला रहा था। दुर्घटना के बाद वाहन में मौजूद दो बाउंसरों द्वारा चालक को वाहन से बाहर निकाला गया। यह बताया गया कि चालक को कोई मेडिकल इश्यू था, जिसके चलते उसे भी प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
अब चालक की पहचान स्पष्ट हो चुकी है, इसलिए उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। वाहन पुलिस अभिरक्षा में है और विवेचक द्वारा सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। कानून सबके लिए समान है । किसी प्रकार का पक्षपात नहीं किया जाएगा और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी ने तथ्य छिपाने या गुमराह करने का प्रयास किया है, तो उस संबंध में भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments