भारत-नेपाल सीमा पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित:बलरामपुर में विधायक ने किया शुभारंभ
ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य लाभ
बलरामपुर। हरैया सतघरवा: भारत-नेपाल सीमावर्ती गांवों में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन सीमा जागरण मंच ने निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने इस शिविर का शुभारंभ किया।यह शिविर चौधरीडीह, विनोहनी कला और रत्नवा ग्राम पंचायतों में आयोजित किया गया। शिविर की शुरुआत भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसे शिविर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंदों को तत्काल राहत प्रदान करते हैं। उन्होंने इसे समाज के प्रति सामूहिक दायित्व का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, उमाकांत त्रिपाठी, धर्मेंद्र उपाध्याय सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। केजीएमयू लखनऊ और डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के चिकित्सकों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें परामर्श व उपचार उपलब्ध कराया।

Comments