उपायुक्त ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में दिए कड़े दिशा-निर्देश
लातेहार, झारखंड:- जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में 06 फरवरी 2026 को विद्युत परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना (MUJY) और पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के तहत चल रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कार्य एजेंसियों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक के दौरान जिले की वर्तमान विद्युत आपूर्ति स्थिति, बिजली व्यवस्था की मजबूती और विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा भी की गई। उपायुक्त ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि जिले में बिजली आपूर्ति को और बेहतर बनाया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता राजदेव मेहता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Comments