राजनीति
भगवानपुर सीमा चौकी में 200 युवाओं के लिए भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन कुमुद रंजन, द्वितीय कमान अधिकारी, 9वीं वाहिनी बलरामपुर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ
बलरामपुर। सीमा चौकी भगवानपुर, कार्यक्षेत्र ग्राम विशुनपुर विश्राम में CAP (सिविक एक्शन प्रोग्राम) के अंतर्गत 200 युवाओं हेतु भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री कुमुद रंजन, द्वितीय कमान अधिकारी, 9वीं वाहिनी बलरामपुर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए श्री कुमुद रंजन ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक क्षमता प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए इस तरह का पूर्व प्रशिक्षण युवाओं के भविष्य को एक नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा।
भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन प्रेरणा फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। फाउंडेशन के माध्यम से युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण, दौड़, व्यायाम, सामान्य ज्ञान, मानसिक मजबूती एवं अनुशासन से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे विभिन्न सुरक्षा बलों की भर्ती परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस मौके पर प्रेरणा फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के युवाओं को अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और मेहनत व अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्रामीणजन, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Comments