बस्ती में गन्ना लदा ओवरलोड ट्राला पलटा, सजनाखोर कांटे के पास हादसा

सड़क पर घंटों बाधित रहा आवागमन

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

बस्ती। बस्तीजिले के बनकटी ब्लॉक क्षेत्र में सजनाखोर गन्ना कांटे के पास मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गन्ना कांटे से बाहर निकलते वक्त एक ओवरलोड गन्ना ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्राला पलटने से सड़क पर गन्ना फैल गया, जिससे कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
 
घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्राले को हटवाया, तब जाकर यातायात धीरे-धीरे बहाल हो सका।
 
स्थानीय लोगों का कहना है कि गन्ना लदे ओवरलोड ट्रक और ट्राले लंबे समय से हादसों का कारण बनते आ रहे हैं। इसके बावजूद ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभागों की लापरवाही के चलते ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।
 
स्थानीय निवासियों ने बताया कि गन्ना लदे ट्रक अक्सर डेढ़ लेन तक घेरकर चलते हैं, जिससे सामने और पीछे चल रहे वाहनों के लिए खतरा बना रहता है। कई बार चालक को पीछे की स्थिति तक का अंदाजा नहीं रहता। लोगों का कहना है कि जब कोई बड़ी दुर्घटना होती है, तभी पुलिस और परिवहन विभाग दिखावे की कार्रवाई करते हुए कुछ वाहनों पर कार्रवाई कर मामला ठंडे बस्ते में डाल देता है, इसके बाद हालात फिर वही हो जाते हैं।
 
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाने और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से पहले ही प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें