बलिया में ओम प्रकाश राजभर का बड़ा हमला: नोएडा हिंसा को बताया साजिश

विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बलिया दौरे के दौरान नोएडा हिंसा को लेकर विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह हिंसा एक सुनियोजित साजिश है, जिसका मकसद सरकार को बदनाम करना है। राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कुछ नेता इस पूरे मामले में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि वेतन वृद्धि की जानकारी पहले ही दी जा चुकी थी, इसके बावजूद हिंसा होना संदेह पैदा करता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
 
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पिछले 24 वर्षों से महिलाओं को राजनीति में उचित भागीदारी दिलाने की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि संविधान ने महिलाओं को बराबरी का अधिकार दिया है, लेकिन राजनीति में उन्हें अभी भी पूरा प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है।इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें महिला विरोधी बताया। राजभर ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी चुप्पी उनकी सोच को दर्शाती है और महिला आरक्षण का विरोध भी इसी का उदाहरण है।
 
साथ ही, उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे संसद सत्र में शामिल होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें। राजभर ने कहा कि केंद्र सरकार सदन को सुचारु रूप से चलाने के लिए प्रयास कर रही है और ऐसे में विपक्ष को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण के आधार पर सीटें बढ़ने से महिलाओं को सशक्त बनाने का अवसर मिलेगा और इसका विरोध करना महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है।

About The Author

Post Comments

Comments