राजनीति
शौच के लिए गई बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, आरोपी ने बेरहमी से पीटा
बुजुर्ग को मरा समझकर मौके से छोड़कर आरोपी फरार
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए गई बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना बृहस्पतिवार की शाम चक पंचम गांव के पास क्षतिग्रस्त रेलवे ओवरब्रिज के निकट की है। शाम करीब आठ बजे लगभग 60 वर्षीय महिला शौच के लिए गई थी। इसी दौरान नकाबपोश अज्ञात व्यक्ति ने महिला को गिरा दिया और कपड़े से उसका मुंह बांध दिया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और इसके बाद दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
परिजनों के अनुसार वारदात के दौरान महिला ने आरोपी को पहचान लेने की बात कही, जिससे घबराए आरोपी ने उसे बेरहमी से पीटा। आरोपी महिला को मरा समझकर मौके पर छोड़कर फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और अचेत अवस्था में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Comments