Kal Ka Mausam: हरियाणा समेत देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान
Kal Ka Mausam: उत्तर भारत के साथ-साथ अब मध्य और पूर्वी भारत भी शीतलहर की चपेट में आ गया है। बीते 24 घंटों के दौरान देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर जैसी स्थिति देखने को मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत के आसार नहीं हैं।
कई राज्यों में शीतलहर का असर
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के कुछ हिस्सों में भीषण ठंड दर्ज की गई है। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी सर्दी का प्रकोप तेज बना हुआ है। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।
मैदानी इलाकों में छत्तीसगढ़ का अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहाड़ों में बर्फबारी
उत्तराखंड में पाला गिरने की खबरें सामने आई हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम में बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल के कई इलाकों में तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में पारा 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
सोनमर्ग सबसे ठंडा
मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित पर्यटन स्थल सोनमर्ग मंगलवार रात जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 10.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
घने कोहरे से थमी रफ्तार, विजिबिलिटी बेहद कम
घने कोहरे ने उत्तर भारत में जनजीवन को प्रभावित किया है। उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में दृश्यता 50 से 199 मीटर के बीच रही, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा।
आईएमडी के अनुसार विदर्भ, तेलंगाना, कर्नाटक, ओडिशा और पूर्वी राजस्थान में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया है।
दक्षिण भारत में बारिश का खतरा
जहां एक ओर उत्तर भारत ठंड से कांप रहा है, वहीं दक्षिण भारत में भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के क्षेत्र के कारण तमिलनाडु में 8 से 11 जनवरी के बीच गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने 9 और 10 जनवरी को अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 10 जनवरी को केरल और माहे में भी भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।


Comment List