"आपका शहर, आपकी बात" कार्यक्रम के तहत मोहल्ला सभा का आयोजन

 स्थानीय विकास को मिलेगी नई दिशा

Swatantra Prabhat Reporters Picture
Published On

त्रिवेणीगंज ,बिहार, सुपौल- नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 स्थित काली मंदिर के सामने मंगलवार को "आपका शहर, आपकी बात" कार्यक्रम के तहत एक महत्वपूर्ण मोहल्ला सभा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा नागरिक सहभागिता और शहरी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी सभा में दिखाया गया, जिसे देखकर उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक कहा – "अब हमारी भी सुनी जाएगी।"

कार्यक्रम का उद्देश्य शहरी क्षेत्र के नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। मोहल्ला सभा में स्थानीय लोगों ने पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था, जलजमाव, स्ट्रीट लाइट की कमी और सड़क मरम्मत जैसी प्रमुख समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

मौके पर उपस्थित एसडीएम शंभूनाथ ने कहा, "इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य यह है कि वार्डवासी अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप खुद योजनाओं का चयन करें। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित होगा।"

sup 1

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राज साहिल ने बताया कि नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम सभी नगर निकायों में चलाया जा रहा है ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नागरिकों के सुझावों के आधार पर योजनाओं में सुधार किया जाएगा।

इस अवसर पर नगर परिषद की मुख्य पार्षद संगीता कुमारी यादव, वार्ड पार्षद सज्जन कुमार अग्रवाल, नगर प्रबंधक ई. चंद्रभूषण विभूति, लोक स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी दीपेश कुमार, लेखपाल हिमांशु राज, अंसार एवं कार्यालय सहायक नवीन कुमार समेत अनेक स्थानीय लोगों ने भाग लिया और अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।

About The Author

Post Comments

Comments