ऑस्ट्रियाई चांसलर कार्ल नेहमर संग कैसी रही बैठक, ट्वीट द्वारा खुद PM मोदी ने जानकारी
International Desk
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में अपने तीसरे कार्यकाल की शुरुआत में ही ऑस्ट्रिया की यात्रा करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि मेरी यह यात्रा ऐतिहासिक और विशेष है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और कानून का शासन जैसे मूल्यों में साझा विश्वास भारत-ऑस्ट्रिया संबंधों का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि पारस्परिक विश्वास और साझा हित हमारे संबंधों को मजबूत करते हैं। मोदी ने कहा कि हम संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार करने पर सहमत हुए हैं ताकि उन्हें समसामयिक और प्रभावकारी बनाया जा सके।
पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र और कानून के शासन जैसे मूल्यों में साझा विश्वास भारत-ऑस्ट्रिया संबंधों की मजबूत नींव हैं। मैंने ऑस्ट्रिया के चांसलर नेहमर के साथ यूक्रेन विवाद और पश्चिम एशिया की स्थिति समेत विश्व में जारी विवादों पर चर्चा की। मैंने पहले भी कहा है कि यह युद्ध का समय नहीं है। हम दोनों आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हैं और इस बात पर सहमत हैं कि यह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।
गर्मजोशी से स्वागत करने पर नेहमर का किया धन्यवाद
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "चांसलर कार्ल नेहमर, गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद। मैं कल भी हमारी चर्चा का इंतजार कर रहा हूं। हमारे देश वैश्विक भलाई को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।"
पीएम मोदी ने ट्वीट कर नेहमर को ये दिया जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "चांसलर कार्ल नेहमर वियना में आपसे मिलकर खुशी हुई। भारत-ऑस्ट्रिया की दोस्ती मजबूत है और आने वाले समय में यह और भी मजबूत होगी।"

Comment List