काशीराम कॉलोनी में पानी संकट गहराया

एक हैंडपंप पर टिकी सैकड़ों लोगों की उम्मीद

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

कानपुर। कानपुर के रामादेवी क्षेत्र स्थित सनिगवां की काशीराम कॉलोनी फेस-2 (वार्ड 31) में इन दिनों पानी की गंभीर समस्या सामने आई है। कॉलोनी की जनता पीने के पानी के लिए जूझ रही है और पूरे इलाके में केवल एक हैंडपंप ही लोगों का सहारा बना हुआ है। सुबह से ही पानी भरने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन से आने वाला पानी साफ नहीं है, बल्कि उसमें नाले का गंदा पानी मिल रहा है, जिससे स्थिति और भी खराब हो गई है। लोगों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें वही गंदा पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है या फिर एकमात्र हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
 
क्षेत्रीय नागरिकों ने वार्ड 31 के पार्षद पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई और पार्षद कभी मौके पर आकर समस्या का जायजा भी नहीं लेते। एक ओर जहां सरकार द्वारा प्रदेश में बिजली-पानी की व्यवस्था सुधारने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस कॉलोनी की स्थिति उन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द साफ पेयजल की व्यवस्था कराई जाए, पाइपलाइन की जांच कर समस्या दूर की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके।

About The Author

Post Comments

Comments