जनपद में 26 अप्रैल तक लू का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ जैसे ओआरएस, नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन करने पर जोर दिया गया है

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रतापगढ़। अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आदित्य प्रजापति ने बताया है कि मौसम विभाग लखनऊ द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार जिले में 21  अप्रैल से 26 अप्रैल तक भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने जनहित में एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। एडवाइजरी के अनुसार सामान्य लोगों को गर्मी सहनीय रह सकती है, लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों के लिए यह मौसम स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा कर सकता है।
 
वहीं मजदूरों, किसानों और धूप में लंबे समय तक काम करने वाले लोगों में निर्जलीकरण और लू लगने का खतरा अधिक बताया गया है। पशुधन और खड़ी फसलों पर भी गर्मी का असर पड़ने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनने और सिर को ढककर रखने की सलाह दी है। पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ जैसे ओआरएस, नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन करने पर जोर दिया गया है।
 
किसानों को फसलों में नमी बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई करने और खेतों में आवश्यकतानुसार छाया की व्यवस्था करने को कहा गया है। गर्म रातों के प्रभाव को देखते हुए लोगों को घरों को ठंडा रखने, पंखा, कूलर या एसी का उपयोग करने तथा दिन में धूप रोकने के लिए पर्दे लगाने की सलाह दी गई है। साथ ही रात में बेहतर वेंटिलेशन के लिए खिड़कियां खोलने की भी अपील की गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, बच्चों और जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें तथा अत्यधिक गर्मी में श्रमसाध्य कार्यों से बचें। इसके अलावा बासी व दूषित खाद्य पदार्थों और अल्कोहल, चाय-कॉफी के अधिक सेवन से परहेज करने की सलाह दी गई है।

About The Author

Post Comments

Comments