जटहां: नाक दबाकर गुजरने को मजबूर लोग! जटहां–कटाई भरपुरवा मार्ग पर कूड़े का पहाड़ बना आफत
कुशीनगर। जटहां से कटाई भरपुरवा मार्ग पर फैले कूड़े के ढेर अब गंभीर समस्या का रूप ले चुके हैं। कटाई भरपुरवा की सीमा रेखा पर जमा जटहां की कचरे से उठ रही दुर्गंध के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है। हालत यह है कि इस मार्ग से गुजरने वाले यात्री नाक दबाकर आने-जाने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यहां कूड़ा डंप किया जा रहा है, लेकिन सफाई और उचित निस्तारण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। इससे न सिर्फ वातावरण प्रदूषित हो रहा है, बल्कि स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कूड़े के ढेर और उससे फैल रही गंदगी को साफ तौर पर देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है।

गौरतलब है कि जटहां पंचायत द्वारा हाल ही में 2025-26 के लिए नव थीम के तहत स्वच्छता और विकास की योजनाएं तैयार की गई हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है।


Comments