झूंसी पार्क में डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और भगवान बुद्ध की मूर्तियों पर पेंट फेंका, इलाके में तनाव

मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

झूंसी प्रयागराज। झूसी क्षेत्र स्थित एक पार्क में उस समय हड़कंप मच गया जब अराजकतत्वों द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और भगवान बुद्ध की मूर्तियों पर पेंट फेंकने की घटना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई।
 
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया और भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
 
घटना स्थल पर  (एसीपी) कुंजलता और झूंसी थानाध्यक्ष महेश मिश्रा भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
 
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह शरारती तत्वों की करतूत प्रतीत हो रही है, लेकिन हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
 
स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें