डीएम एवं एसपी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी शिकायतें, 8 शिकायतों का हुआ निस्तारण

शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से करें-डीएम

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रतापगढ़। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में तहसील सदर में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 117 फरियादी अपनी समस्याओं के निस्तारण हेतु उपस्थित हुये, जिनमें से राजस्व विभाग की 8 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल प्राप्त 117 शिकायतों में से 74 शिकायतें राजस्व विभाग से, पुलिस विभाग से 06, विकास विभाग से 04, विद्युत विभाग से 02 एवं 31 अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायते प्राप्त हुई। पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा सुना गया।
 
सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतकर्ता हरिकेश बहादुर सिंह निवासी महुली माधोगंज ने शिकायत किया कि गाटा संख्या 325 का संक्रमणीय सहभूमिधर है और मौके पर काबिज दाखिल है, गाटा संख्या 325 का एक पारिवारिक बंटवारा हो चुका है तथा बंटवारे के हिसाब से सभी पक्ष काबिज है तथा निर्माण भी बना लिये है, गाटे में प्रार्थी का 1/2 भाग है परन्तु द्वितीय पक्ष द्वारा प्रार्थी को भूमि पर निर्माण व पिलर नहीं गाड़ने दिया जा रहा है और अवरोध उत्पन्न कर रहे है।
 
इस प्रकरण पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर जांच करायी जाय एवं प्रकरण का निस्तारण कराया जाय। शिकायतकर्ता बच्चा सिंह निवासी राजगढ़ ने शिकायत किया कि प्रार्थी व अन्य लोग इस समय पेयजल संकट से जूझ रहा है। प्राथी का इण्डिया मार्का हैण्डपम्प दो माह से खराब हो गया है, इसे ठीक नहीं कराया जा रहा है। रिबोर कराना अति आवश्यक है।इस प्रकरण पर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी सदर को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। 
 
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से शिकायतों का निपटारा करें, जिसमें शिकायतकर्ता की संतुष्टि सबसे महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की अनदेखी या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
 
अधिकारियों को प्राप्त सभी शिकायतों का समय पर और सही तरीके से समाधान करने के निर्देश दिये गये। उन्होने निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में जो भूमि संबंधी मामले हैं उसमें राजस्व तथा पुलिस की संयुक्त टीम गठित करके मौके पर भेजकर निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि शासन का सख्त निर्देश है की जमीन संबंधी मामलों को तत्काल निस्तारण कराएं। कोई भी गरीब व्यक्ति किसी कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहने पाये, इसका विशेष ध्यान दिया जाये। 
 
इस अवसर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने समस्त थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि पुलिस विभाग से सम्बन्धित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को विनम्रता से सुनते हुए निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments