डस्टबिन में मिले जुड़वां बच्चियों के शव, आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार: बलिया के पूर्वांचल अस्पताल कांड में बड़ी कार्रवाई
ऑपरेशन के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में फरार चल रहे डॉक्टर को पुलिस ने दबोचा, अस्पताल पहले ही हो चुका है सील
बलिया जनपद के चर्चित पूर्वांचल अस्पताल कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर आदित्य सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। सोमवार को पुलिस ने उसे पकड़कर मेडिकल परीक्षण के बाद कोतवाली लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। यह मामला 14 मार्च का है, जब महिला अस्पताल रोड स्थित पूर्वांचल अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक प्रसूता और उसकी जुड़वां बच्चियों की मौत हो गई थी। मृतका की पहचान दुबहड़ थाना क्षेत्र के रामपुर बोहा गांव निवासी 28 वर्षीय रिंकू यादव के रूप में हुई थी।
परिजनों का आरोप – लापरवाही से गई जान
मृतका के पति सोनू यादव ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन को पहले ही रिंकू की गंभीर स्थिति, खासकर कम रक्तचाप के बारे में जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद दोनों नवजात बच्चियों को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, प्रसूता की हालत बिगड़ने पर उसे मऊ रेफर किया गया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डस्टबिन में मिले नवजातों के शव, मचा हड़कंप
घटना के बाद अस्पताल में हंगामा शुरू हो गया। जब परिजनों को नवजात बच्चियों के शव नहीं सौंपे गए, तो उन्होंने खुद तलाश शुरू की। इसी दौरान अस्पताल के बाथरूम के पास डस्टबिन में दोनों बच्चियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई।
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पूर्वांचल अस्पताल को सील कर दिया था। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) द्वारा पांच सदस्यीय जांच टीम का गठन कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस कार्रवाई जारी
पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी डॉक्टर आदित्य सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर अन्य जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
swatantra prabhat Ballia Crime News Ballia Purvanchal Hospital Case Doctor Aditya Singh Arrested Ballia Hospital News Purvanchal Hospital Ballia Medical Negligence Ballia UP Health Department Action Hospital Operation Case UP Doctor Arrest Ballia बलिया पूर्वांचल अस्पताल कांड डॉक्टर आदित्य सिंह गिरफ्तार प्रसूता मौत मामला बलिया अस्पताल लापरवाही दुबहड़ थाना रामपुर बोहा रिंकू यादव मौत मामला नवजात मौत बलिया स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई यूपी अस्पताल सील बलिया मेडिकल लापरवाही केस


Comments