मामूली टक्कर पर भड़का बवाल: ई-रिक्शा चालक के विवाद में अछनिया गांव मैं पुलिस बल तैनात  

महिला-बच्ची से मारपीट का आरोप, दूसरे दिन भी बाजार बंद; पुलिस ने संभाला मोर्चा, कई हिरासत में

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मितौली खीरी- नीमगांव  थाना क्षेत्र के अछनिया गांव में एक मामूली टक्कर ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। ई-रिक्शा और बाइक की हल्की भिड़ंत के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें महिला और बच्ची के साथ भी मारपीट के आरोप लगे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव इतना बढ़ गया कि दूसरे दिन भी पूरा बाजार बंद रहा और इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील करना पड़ा।
 
सोमवार को बेहजम क्षेत्र के पिपरझला निवासी पंकज अपनी पत्नी कोमल और बेटी मान्या के साथ बाइक से लौट रहे थे। अछनिया गांव के पास उनकी बाइक एक स्थानीय व्यक्ति से टकरा गई। पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई में बदल गया।
 
आरोप है कि स्थानीय लोगों ने पंकज और उनके परिवार को घेरकर पीटा। घटना की खबर फैलते ही दोनों पक्षों के लोग सड़क पर उतर आए और जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे हालात और बिगड़ गए।
 
सूचना मिलते ही मितौली क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुद कमान संभालते हुए भीड़ को खदेड़ा और हालात पर काबू पाया। पूरे गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
 
पीड़ित पंकज सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बवाल के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दर्जनों संदिग्ध उपद्रवियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बेहजम पुलिस चौकी प्रभारी संदीप यादव के नेतृत्व में लगातार दबिश दी जा रही है।
 
घटना की गंभीरता को देखते हुए कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू भी मौके पर पहुंचे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति है, लेकिन हालात को देखते हुए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें