प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूरे, जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
"नवनिर्माण के 9 वर्ष "सरकार के 9 वर्ष ‘विकास, विश्वास और सुरक्षा’ के प्रतीक - सुधांशु शुक्ला, लखनऊ से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का किया गया सजीव प्रसारण
अमेठी। प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद अमेठी में विकास भवन सभागार में बुधवार को एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया गया, जिसमें प्रदेश के समग्र विकास, सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के उपरांत जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के पिछले 9 वर्ष विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं, जिससे आम नागरिक अपने को सुरक्षित महसूस कर रहा है।
अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता आई है। स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। जिला अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं बढ़ी हैं, वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई गई हैं। गंभीर बीमारियों के इलाज की व्यवस्था भी सुदृढ़ हुई है। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों का कायाकल्प, डिजिटल शिक्षा का विस्तार और छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता रही है। उन्होंने आगे कहा कि सड़कों के व्यापक निर्माण और सुधार से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
बेहतर सड़कों के कारण दुर्घटनाओं में कमी आई है और आमजन का समय भी बच रहा है। बिजली आपूर्ति में सुधार करते हुए 24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों के हित में अनेक योजनाएं चलाई गई हैं, जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, निःशुल्क सिंचाई सुविधा और कृषि से जुड़ी अन्य योजनाएं शामिल हैं। उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करते हुए निवेश प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, जिससे प्रदेश में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं और युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद में सभी योजनाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से गांवों में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है और उनकी आय में वृद्धि हो रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार के 9 वर्ष ‘विकास, विश्वास और सुरक्षा’ के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए कार्य किया है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सख्त कानून व्यवस्था लागू की गई है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं और कौशल विकास को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों और उद्यमियों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया गया है, जिससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद अमेठी में 19 से 26 मार्च तक जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
इस प्रदर्शनी में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित भी किया जाएगा। आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, पीडी डीआरडीए ऐश्वर्य यादव, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अमेठी समाचार Law and Order UP Amethi news UP नवनिर्माण के 9 वर्ष 9 years of UP government उत्तर प्रदेश विकास कार्यक्रम UP development program विकास भवन अमेठी Vikas Bhawan event मुख्यमंत्री कार्यक्रम लाइव CM live telecast भाजपा कार्यक्रम अमेठी BJP event Amethi सुधांशु शुक्ला बयान Sudhanshu Shukla statement सरकारी उपलब्धियां यूपी UP government achievements कानून व्यवस्था सुधार स्वास्थ्य सेवाएं सुधार healthcare improvement UP शिक्षा विकास योजना

Comments