भदोही में 501 क्षय रोगियों को पोषण पोटली

डीएम ने शुरू किया विशेष अभियान

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

भदोही। जनपद में क्षय रोग उन्मूलन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए औराई ब्लॉक सभागार में 501 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। यह आयोजन सूर्या सेवा संस्थान के प्रबंधक सूर्यमणि तिवारी के सहयोग से सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने अपने हाथों से सभी मरीजों को पोषण पोटली वितरित करते हुए क्षय रोग को जड़ से समाप्त करने के लिए 6 माह का विशेष अभियान चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह पहल मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होगी और जनपद को टीबी मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
 
डीएम ने सूर्यमणि तिवारी की सराहना करते हुए कहा कि 501 मरीजों को गोद लेकर किया गया यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अभियान को गंभीरता से चलाने के निर्देश भी दिए।जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने क्षय रोग के लक्षण, जांच और उपचार की जानकारी देते हुए समय पर इलाज की आवश्यकता पर जोर दिया।
 
कार्यक्रम के अंत में सीएचसी औराई के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कृष्णा दुबे ने सभी का आभार व्यक्त किया और सामूहिक प्रयासों से जनपद को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।इस अवसर पर बीडीओ दिलीप पासी, डॉ. राजीव पांडेय, डॉ. अमित सिंह, डॉ. राहुल द्विवेदी, डॉ. पंकज, डॉ. विनोद कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार