नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
सरस्वती शिशु मंदिर शुकुल बाजार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वार्षिकोत्सव
बच्चों द्वारा सांस्कृतिक मनमोहक प्रस्तुति दी गई
शुकुल बाजार, अमेठी। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सरस्वती शिशु मंदिर शुकुल बाजार में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का मनोहारी प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेश पासी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रोहित चौधरी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है।विद्यालय के व्यवस्थापक प्रबंधक दिनेश कौशल एवं प्राचार्य ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों का अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष डॉ ओंकारनाथ सिंह, भाजपा के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र शुक्ला, जिला सहसंयोजक मीडिया विभाग एवं वरिष्ठ पत्रकार सुशील कुमार मिश्रा, विश्व हिंदू परिषद जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश मिश्रा, विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधि विश्व प्रकाश शुक्ला, जिला प्रतिनिधि विनय चौरसिया सहित सैकड़ों संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, नृत्य, नाट्य मंचन एवं सांस्कृतिक झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दिया।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि चरित्र निर्माण और संस्कारों का समावेश ही वास्तविक शिक्षा है। विद्यालय परिवार द्वारा किए जा रहे शैक्षिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों की उन्होंने भूरि-भूरि प्रशंसा की।अंत में प्राचार्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन का श्रेय विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों को दिया। पूरे कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रहा, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।


Comments