जनपद में टीबी व कैंसर स्क्रीनिंग के लिए 100 विशेष कैंप आयोजित होंगे

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलरामपुर। जनपद बलरामपुर में टीबी (क्षय रोग) एवं कैंसर की शीघ्र पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माह फरवरी में 100 विशेष स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देश पर तैयार कार्ययोजना के अनुसार जनपद के प्रत्येक विकास खंड में 10-10 स्क्रीनिंग कैंप लगाए जाएंगे।
 
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय कक्ष में डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की रूपरेखा, तिथियों, टीम गठन तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर विस्तृत चर्चा की गई।
 
सीएमओ डॉ. रस्तोगी ने निर्देश दिए कि कैंपों में अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित की जाए, विशेषकर टीबी और कैंसर के संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग प्राथमिकता के आधार पर की जाए। उन्होंने कहा कि जिन मरीजों में टीबी या कैंसर के संदिग्ध लक्षण पाए जाएंगे, उन्हें पुष्टि जांच के लिए उच्च चिकित्सा इकाइयों को रेफर किया जाएगा तथा उनका समुचित और समयबद्ध उपचार सुनिश्चित कराया जाएगा।
 
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य को कैंपों की जानकारी आशाओं एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक रूप से दी जाए, ताकि अधिकाधिक लोग लाभान्वित हो सकें। बैठक में संबंधित कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार