Haryana Weather: हरियाणा में देर रात बदला मौसम, कई जिलों में बारिश-बूंदाबांदी
Haryana Weather: हरियाणा के कई जिलों में मंगलवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। भिवानी, हिसार, हांसी, सिरसा, रेवाड़ी, झज्जर समेत आसपास के इलाकों में बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। तेज हवाएं चलने के कारण ठंड का अहसास बढ़ गया है और लोगों को हल्की सर्दी महसूस हुई।
हालांकि दूसरी ओर, राज्य में औसत अधिकतम तापमान में मंगलवार को करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फिलहाल तापमान सामान्य से लगभग 2.7 डिग्री अधिक बना हुआ है।
13 जिलों में पारा 25 डिग्री पार
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, प्रदेश के 13 जिलों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। इनमें अंबाला, हिसार, रोहतक, भिवानी, सिरसा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, जींद, करनाल, महेंद्रगढ़, नूंह, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं।
रोहतक सबसे गर्म, करनाल में सबसे कम न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी और महेंद्रगढ़ में भी पारा 27 डिग्री के आसपास पहुंच गया।
औसत न्यूनतम तापमान में भी 1.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। हालांकि, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल में 9.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अंबाला में 11 डिग्री, हिसार में 10.3 डिग्री, नारनौल में 10.4 डिग्री और रोहतक में 12.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। भिवानी में 13.0 डिग्री और सिरसा में 11.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
16-17 फरवरी को फिर बदल सकता है मौसम
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि प्रदेश में मौसम 16 फरवरी तक आमतौर पर शुष्क लेकिन परिवर्तनशील बना रह सकता है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव आ सकता है। इसके चलते 16 फरवरी की रात और 17 फरवरी को आंशिक बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।
About The Author
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l


Comments