राजनीति
ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच्चे की मौत
ग्राम पंचायत की बैठक में मुआवज़े पर सहमति
नारायणपुर, जामताड़ा, झारखंड:- नारायणपुर थाना क्षेत्र के बांकुडीह पंचायत के बांका गांव में शनिवार दोपहर एक दुखद घटना हुई, जहां ट्रैक्टर से दबकर एक पाँच वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।बताया गया कि बांका गांव के निवासी कटी हेंब्रम का पुत्र आकाश हेंब्रम ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे तत्काल सदर अस्पताल, जामताड़ा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
■ ग्राम पंचायत की बैठक में मुआवज़े पर बनी सहमति:
दुर्घटना के संबंध में रविवार को बांका गांव में ग्रामीणों की बैठक हुई। विचार-विमर्श के बाद यह सहमति बनी कि ट्रैक्टर मालिक—जो कि चिरुडीह गांव के निवासी हैं—दु:खद घटना के मद्देनज़र मृतक के परिजनों को ढाई लाख रुपये मुआवज़ा देंगे।बैठक लंबी चली, जिसके बाद एक सहमति समिति बनाई गई। हालांकि घटना के संबंध में नारायणपुर थाना को लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस मामले से अवगत है।
■ परिजनों पर दुखों का पहाड़:
आकाश हेंब्रम तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। अचानक हुई इस घटना से परिजन बदहवास हैं और गांव में मातम पसरा हुआ है। समाचार भेजे जाने तक ट्रैक्टर गांव में ही खड़ा था और जामताड़ा अस्पताल से बच्चे के शव को लाने की प्रक्रिया जारी थी।

Comments