राजनीति
भारत
शहर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने को लेकर नगर आयुक्त से मिले विधायक प्रदीप प्रसाद
फुटपाथ दुकानदारों, नागरिक सुविधाओं, जलजमाव और स्वच्छता पर दिए अहम निर्देश
हजारीबाग, झारखंड:- विधायक प्रदीप प्रसाद ने शनिवार को नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता से मुलाकात कर शहर की विभिन्न जनसुविधाओं, व्यवस्थाओं और नागरिक समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नगर आयुक्त से कहा कि शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आम नागरिकों, फुटपाथ दुकानदारों और किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएँ।
■ फुटपाथ दुकानदारों की व्यवस्थित पुनर्व्यवस्था पर जोर
विधायक ने विशेष रूप से फुटपाथ दुकानदारों की आजीविका को सुरक्षित रखते हुए उनके लिए उचित और सुव्यवस्थित स्थान तय करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे यातायात बाधित न हो और दुकानदारों को भी किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े। डेली मार्केट क्षेत्र में आम नागरिकों की सुविधा के लिए शौचालय को निःशुल्क किए जाने का आग्रह भी उन्होंने नगर आयुक्त से किया।
■ जलजमाव व स्वच्छता की समस्या पर की गंभीर चर्चा
बरसात के मौसम में सड़कों व नालियों में जलजमाव को गंभीर मुद्दा बताते हुए विधायक प्रसाद ने इसके स्थायी समाधान हेतु समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही कूद रेलवे स्टेशन के पास मैला टाँड क्षेत्र में कचरे के जमाव को रोकने और स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
■ डेली मार्केट को ‘स्मार्ट मार्केट’ बनाने की मांग
विधायक प्रदीप प्रसाद ने डेली मार्केट को आधुनिक सुविधाओं से लैस “स्मार्ट मार्केट” के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कालीबाड़ी में बने भवन को शीघ्र खोलकर सब्जी किसानों के लिए प्रत्यक्ष बिक्री की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग दोहराई। उन्होंने बताया कि इस विषय पर वह पूर्व में भी प्रशासन से कई बार वार्ता कर चुके हैं।
■ दुकानदारों से संवाद कर जानी जमीनी स्थिति
नगर आयुक्त के साथ बैठक के बाद विधायक स्वयं फुटपाथ दुकानदारों से मिलने पहुंचे और उनकी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा। उन्होंने दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि उनके हितों की रक्षा के साथ-साथ शहर की व्यवस्था को संतुलित रखना उनकी प्राथमिकता है।विधायक ने कहा, “मेरा प्रयास है कि हजारीबाग की व्यवस्थाएं अधिक सुदृढ़ हों, नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और दुकानदारों व किसानों के हितों का पूरी तरह संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। यातायात जाम से राहत, स्वच्छता और सुव्यवस्था के लिए त्वरित एवं ठोस कदम उठाए जाने आवश्यक हैं।” उन्होंने आश्वस्त किया कि इन सभी मुद्दों पर वे लगातार निगरानी रखेंगे और प्रशासन से समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करेंगे।


Comments