हजारीबाग में कुम्हार अधिकार महारैली, आबादी के अनुसार राजनीतिक भागीदारी की बुलंद मांग

32 लाख की आबादी के बावजूद उपेक्षा बर्दाश्त नहीं, अब आर-पार की लड़ाई : देवनारायण प्रजापति

हजारीबाग में कुम्हार अधिकार महारैली, आबादी के अनुसार राजनीतिक भागीदारी की बुलंद मांग

हजारीबाग, झारखंड : झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ जिला हजारीबाग के तत्वावधान में 18 जनवरी 2026 को कुम्हार समाज के अधिकार और हक के लिए भव्य कुम्हार अधिकार महारैली का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक रैली में जिले सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कुम्हार समाज के लोग शामिल हुए और अपनी राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक भागीदारी के लिए एकजुटता का प्रदर्शन किया।
 
महारैली की अध्यक्षता महासंघ के हजारीबाग जिला अध्यक्ष नरेंद्र प्रजापति (पप्पू) ने की, जबकि संचालन सुखदेव प्रजापति और वीरेंद्र प्रजापति ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष देवनारायण प्रजापति तथा विशिष्ट अतिथि बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो (बाटुल) रहे। इसके अलावा मंच पर झारखंड माटी कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति, पूर्व सदस्य सह प्रदेश महामंत्री ईश्वर चंद्र प्रजापति, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय पंडित, प्रदेश संगठन मंत्री पप्पू पंडित, प्रदेश प्रवक्ता विक्रम महतो सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
 
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। अध्यक्षीय भाषण में नरेंद्र प्रजापति ने कहा कि कुम्हार समाज लंबे समय से राजनीतिक उपेक्षा का शिकार रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने तीन प्रमुख मांगें रखीं—कुम्हार समाज को राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी में उचित स्थान मिले, झारखंड माटी कला बोर्ड का शीघ्र पुनर्गठन हो तथा समाज की समस्याओं को ध्यान में रखकर नीतियों के निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
 
मुख्य अतिथि देवनारायण प्रजापति ने कहा कि झारखंड में कुम्हारों की संख्या लगभग 32 लाख है, जो राज्य की कुल आबादी का करीब 8 प्रतिशत है। लगभग हर जिले में एक से डेढ़ लाख तक कुम्हार मतदाता हैं, फिर भी समाज को राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक लाभ से वंचित रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब यह उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारों के लिए निर्णायक संघर्ष होगा।
 
विशिष्ट अतिथि योगेश्वर महतो (बाटुल) ने कहा कि झारखंड की 82 विधानसभा सीटों में प्रत्येक क्षेत्र में 7 हजार से 45 हजार तक कुम्हार मतदाता हैं, इसके बावजूद समाज को राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिलती। यदि समान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी नहीं दी गई तो इसके परिणाम सभी राजनीतिक दलों को भुगतने पड़ेंगे। झारखंड माटी कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति ने कहा कि “जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी” का सिद्धांत लागू किया जाना चाहिए और राज्य सरकार को माटी कला बोर्ड का पुनर्गठन शीघ्र करना चाहिए।
 
प्रदेश महामंत्री ईश्वर चंद्र प्रजापति ने कहा कि पिछले 78 वर्षों से कुम्हार समाज को उसके अधिकारों से वंचित रखा गया है। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने हक और अधिकार के लिए संगठित होकर संघर्ष करें। साथ ही पिछड़ा वर्ग के सांसदों और विधायकों से 27 प्रतिशत आरक्षण को पूर्ण रूप से लागू कराने की मांग की। सभा को प्रदेश संगठन मंत्री पप्पू पंडित, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय प्रजापति, प्रदेश प्रवक्ता विक्रम महतो, गिरिडीह जिला अध्यक्ष दीपक पंडित, रामगढ़ जिला अध्यक्ष राधा विनोद प्रजापति, कोडरमा जिला महामंत्री विजय पंडित, धनबाद जिला अध्यक्ष मोहन कुंभकार, लोहरदगा जिला अध्यक्ष सरोज प्रजापति सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
 
महारैली की सफलता में हजारीबाग जिला उपाध्यक्ष लीलाधन प्रजापति, संगठन मंत्री शिवकुमार प्रजापति, संरक्षक विष्णु प्रजापति सहित विभिन्न प्रखंडों और जिलों के पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।कार्यक्रम के अंत में झारखंड लोक सेवा आयोग और संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफल समाज के अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया, जिससे युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
 

About The Author

स्वतंत्र प्रभात मीडिया परिवार को आपके सहयोग की आवश्यकता है ।

राष्ट्रीय हिंदी दैनिक स्वतंत्र प्रभात ऑनलाइन अख़बार

Post Comment

Comment List

अंतर्राष्ट्रीय

मैं ठीक हूं, आप टेंशन मत लेना… ईरान में पढ़ रही भारतीय छात्रा का परिवार को संदेश, वीडियो में बताई जमीनी हकीकत मैं ठीक हूं, आप टेंशन मत लेना… ईरान में पढ़ रही भारतीय छात्रा का परिवार को संदेश, वीडियो में बताई जमीनी हकीकत
नई दिल्ली। ईरान में जारी हिंसक प्रदर्शनों और इंटरनेट शटडाउन के बीच वहां पढ़ रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा को...

Online Channel