Haryana Weather: हरियाणा में बढ़ी सर्दी, 11 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी
Haryana Weather: हरियाणा में पहाड़ों से आने वाली तेज ठंडी हवाओं ने सर्दी का प्रकोप बढ़ा दिया है। इसका असर रात और दिन दोनों के तापमान पर दिखाई दे रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 3 दिसंबर को राज्य में औसत न्यूनतम तापमान में 1.7°C की गिरावट दर्ज की गई। पूरे राज्य में तापमान सामान्य से 3.2°C कम रहा।
राज्य में सबसे कम तापमान गुरुग्राम (AWS) में 3.5°C रिकॉर्ड किया गया। यह सीजन में दूसरी बार है जब तापमान इतना नीचे पहुंचा है। इससे पहले हिसार में 3.5°C दर्ज हुआ था। राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में भी ठंड बढ़ी है। महेंद्रगढ़ और नारनौल में 6.3°C, कैथल में 7.0°C और जींद में 7.8°C तापमान दर्ज किया गया।
4 दिसंबर से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 4 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते मौसम में बदलाव आएगा। 7 दिसंबर तक आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 8 दिसंबर से ठंड एक बार फिर तेज होने की संभावना है।
11 जिलों में शीतलहर अलर्ट
IMD ने हरियाणा के 11 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इनमें सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, नारनौल, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत शामिल हैं।
दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7°C कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान में औसतन 1.9°C की कमी देखी गई।
विशेषज्ञों का अनुमान
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के प्रमुख, डॉ. मदन लाल खीचड़, के अनुसार 7 दिसंबर तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। 4–7 दिसंबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी संभव है। हवा की दिशा बार-बार बदलेगी और हल्की गति से बहने की संभावना है। नमी बढ़ने के कारण कुछ स्थानों पर सुबह हल्की धुंध भी रह सकती है।
8 दिसंबर से उत्तर–पश्चिमी हवाएं दोबारा चलेंगी, जिससे रात का तापमान फिर गिर सकता है।
About The Author
imskarwasra@gmail.com
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l

Comments