नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
Kal Ka Mausam: देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान
Kal Ka Mausam: देश में भले ही मानसून की विदाई हो चुकी हो, लेकिन दक्षिण भारत के तीन राज्यों—तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश—में बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बंगाल की खाड़ी और कुमारी सागर के ऊपर बने लो-प्रेशर सिस्टम के चलते 20 नवंबर को तमिलनाडु के मयिलादुथुराई और कुड्डालोर जिलों में बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
चेन्नई में भी मंगलवार सुबह से रुक-रुककर बारिश होती रही, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। इसी तरह केरल और आंध्र के कई जिलों में भी खराब मौसम की स्थिति बनी हुई है। वहीं उत्तर भारत में ठंड का असर तेज होने लगा है और सुबह के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
तमिलनाडु के तिरुवनमियूर, मायलापुर, अड्यार, पट्टिनपक्कम, मरीना बीच, नुंगमबक्कम, वडापलानी, टी. नगर, गुइंडी, अन्ना नगर और कोयम्बेडु में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। बारिश का ये दौर 1–2 दिन और जारी रह सकता है।
दिल्ली में 20 नवंबर को तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। सुबह के समय 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे ठंड का असर और बढ़ जाएगा।
उत्तर प्रदेश के कानपुर, बाराबंकी, इटावा, लखनऊ और प्रयागराज समेत कई जिलों में 20 नवंबर को सुबह तेज हवाएं चलने का अनुमान है। उत्तरी हवाओं के कारण दिन का तापमान थोड़ा कम होगा लेकिन आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। अगले तीन दिनों—20, 21 और 22 नवंबर—के लिए सुबह के घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इटावा में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री कम है।
बिहार में भी 20 नवंबर की सुबह 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य में अधिकतम तापमान 26 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। सीमांचल के पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज में पारा 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
उत्तराखंड में भी न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है और 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में मौसम शीतल हो गया है और मनाली तथा शिमला में बर्फबारी की पूरी संभावना जताई गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री जबकि मनाली का तापमान -9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बन सकती है। जयपुर, उदयपुर और रिंगस में सुबह 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवा चलने का अनुमान है। मध्य प्रदेश के कई ज़िलों में भी ठंड तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।
About The Author
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l


Comments