नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
सरीला तहसील के इछौरा-जिटकिरी क्षेत्र में अवैध बालू खनन चरम पर, ग्रामीणों में रोष
हमीरपुर।
सरीला तहसील के इछौरा और जिटकिरी ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध बालू खनन बेखौफ जारी है। लगभग आधा दर्जन से अधिक बालू खदानों में पोकलैंड जैसी भारी मशीनों से दिन-रात बालू उत्खनन किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा खेल प्रशासन और खनिज विभाग की मिलीभगत से संचालित हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार खनन माफिया खनन पट्टे का दुरुपयोग कर मनमाने ढंग से नदी की जलधारा से बालू निकाल रहे हैं। इछौरा निवासी गौकरन व माधवप्रसाद ने इस संबंध में प्रशासन को लिखित शिकायत भी सौंपी है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक खदान संख्या 25/6, 25/2, 25/22, 25/20, 25/9 और 25/3 पर पोकलैंड मशीनें लगाकर बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि माफिया जबरन उनके खेतों से रास्ता बनाकर ओवरलोड ट्रकों की निकासी करते हैं। सैकड़ों की संख्या में बिना वैध प्रपत्रों के ट्रक दिनभर सड़कों पर दौड़ते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। लगातार ओवरलोडिंग के कारण क्षेत्र की मुख्य सड़कें भी जर्जर हो चुकी हैं।
विरोध करने पर ग्रामीणों को पुलिस के सहारे फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जाती हैं। मामले को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।


Comments