नगर के मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण का कब्जा

जगह-जगह दिन में कई बार लगता जाम

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बस स्टैंड और तहसील रोड पर सबसे खराब हालात

तालबेहट। नगर के मुख्य मार्गों पर फैला अतिक्रमण लोगों की आवागमन सुविधा में बड़ी बाधा बन गया है। सुबह से शाम तक कई बार नगर की प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बन जाती है। अग्निहोत्री मार्केट, पुराना बस स्टैंड, कलारी मोड़ से डाक बंगला रोड, नया बस स्टैंड और तहसील रोड पर रोजाना जाम लगना आम बात हो गई है। नगर की सबसे वीआईपी तहसील रोड पर सब्जी विक्रेताओं व फल के ठेलों का इतना अधिक कब्जा है कि दिनभर सड़क संकरी बनी रहती है।
 
राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में भारी परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं अग्निहोत्री मार्केट से नए बस स्टैंड तक दोनों ओर हाथ ठेले और दुकानदारों का सामान सड़क तक फैल गया है। नए और पुराने बस स्टैंड के बीच अवैध टैक्सी स्टैंड दौनाें तरफ वाहनों के आवागमन में बाधा डालता है।
 
रानीपुरा से लेकर टेकरी तक लोक निर्माण विभाग की सड़क पर अवैध निर्माणों ने मार्ग को काफी संकरा कर दिया है। लोग बताते हैं कि अतिक्रमण न हटने से हादसों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नगर की मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द शुरू करने की मांग की है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें