जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया जिला कारागार चुर्क का निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं का लिया जायजा
जिलाधिकारी ने संबंधित को किया निर्देशित ,बंदियों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराया जाय।
जिला कारागार का निरीक्षण
राजेश तिवारी ( क्राइम ब्यूरो)
जिलाधिकारी बी.एन. सिंह और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने आज जिला कारागार चुर्क ( घूर्मा) सोनभद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में सीधी बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सबसे पहले पाकशाला पहुंचे, जहां बंदियों के लिए शाम का भोजन तैयार किया जा रहा था। उन्होंने तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता को परखा और जेलर को इसमें सुधार लाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि बंदियों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन मिले।इसके बाद, उन्होंने कारागार के विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया और वहां बंदियों से उनकी सेहत और बीमारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बंदियों की स्थिति का जायजा लेते हुए बैरकों में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, दिन और रात्रि शौचालय तथा स्नान की उचित व्यवस्था का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने जेलर को निर्देशित किया कि बंदियों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने बंदियों से यह भी पूछा कि क्या उन्हें कारागार में कानूनी सहायता के लिए वकील उपलब्ध हैं। जिन बंदियों ने वकील की व्यवस्था न होने की बात बताई, उनके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से अधिवक्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, बंदियों को कारागार में काम करने के बदले मिलने वाले पारिश्रमिक के बारे में भी जानकारी ली गई।इस मौके पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बंदियों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें जेल में मिल रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। उन्होंने संबंधित जेलर को बंदियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जेलर राजेश कुमार वर्मा, गौरव कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह और कारागार के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के इस निरीक्षण का उद्देश्य कारागार में बंदियों को बेहतर माहौल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Comment List