टप्पेबाज महिला से दो अंगूठी और सोने की चैन लेकर हुए फरार

घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद, पुलिस जांच में जुटी

फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। बाइक सवार दो टप्पेबाजों ने पुलिस बन कर एक महिला से उसके दरवाजे पर ही सोने की दो अंगूठी और एक जंजीर लेकर फरार हो गये। जब महिला ने टप्पेबाजों द्वारा दी गई पुड़िया को घर जाकर खोला तो उसके होश उड़ गये। पुड़िया में कोयले का टुकड़ा रखा था। घटना की जानकारी परिजनों ने थाने पर दी। पुलिस ने जांच की। बताया जाता है कि घटना पूरी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
 
एटा रोड़ बुर्ज निवासी सरोज गुप्ता सोमवार सुबह पूजा कर घर आ रही थीं। तभी उनके पीछे एक युवक आया और बोला, मां यहां कल एक महिला को चाकू मार दिया था। उसके बारे में जानकारी करने आए हैं। इस पर महिला ने जानकारी से मना किया। इसके बाद उसका दूसरा साथी आया और उन्होंने कहा कि हम पुलिस वाले हैं, घटना की जांच करने आए हैं। इसके बाद उन्होंने महिला को अपनी बातों में लिया और उसके हाथ से पहनी हुई दोनों अंगूठी और गले में पड़ी जंजीर उतरवा कर एक कागज में रख ली।
 
इसके कुछ देर बाद दोनों महिला से बात करते रहे और फिर उसे कागज की पुड़िया लौटा कर उनके तीसरे साथी जो बाइक लेकर आया और दोनों को बैठा कर फरार हो गया। जब महिला ने घर जाकर पुड़िया खोल कर देखी तो हैरान रह गई। अंगूठी और जंजीर की जगह पुड़िया में कोयला रखा था। घटना की जानकारी होते ही महिला रोने लगी। परिजन महिला को लेकर थाना आए और पुलिस को जानकारी दी। चौकी इंचार्ज ने पूरे मामले की जांच की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जांच की जा रही है।

About The Author: Abhishek Desk