डिमापुर से बेंगलुरु जा रहे 17 वर्षीय किशोर की रहस्यमयी मौत

तमिलनाडु के जलालपेट स्टेशन के पास मिला शव क्षेत्र में शोक का माहौल

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

श्रीभूमि : एक हृदयविदारक और रहस्यमयी घटना में 17 वर्षीय किशोर की असामयिक मौत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। मृतक की पहचान एम. रहीम (17) के रूप में हुई है, जो असम श्रीभूमि जिला के बदरपुर थाना क्षेत्र के आलेखारगोल गांव के निवासी अब्दुल कलाम के पुत्र थे।
 
परिवार के अनुसार, रहीम गत 10 अप्रैल को डिमापुर से बेंगलुरु के लिए रवाना हुआ था। रोजगार की तलाश में वह दक्षिण भारत जा रहा था। यात्रा के दौरान वह लगातार अपने परिवार के संपर्क में था, लेकिन अचानक उसका संपर्क टूट गया, जिससे परिवार चिंतित हो गया। बाद में जानकारी मिली कि तमिलनाडु के जलालपेट रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात युवक का शव रेलवे पुलिस (जीआरपीएफ) ने बरामद किया।
 
जांच के बाद शव की पहचान एम. रहीम के रूप में की गई। यह खबर मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने बताया कि रहीम को गत 13 अप्रैल तक अपने गंतव्य पर पहुंच जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह हादसा है, या कोई अन्य कारण—इस पर अब भी रहस्य बना हुआ है।
 
प्रशासन के अनुसार, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आज 16 अप्रैल गुरुवार को शव को चेन्नई हवाई अड्डे के माध्यम से सिलचर लाने की व्यवस्था की गई है। स्थानीय प्रशासन की सहायता से शव को परिवार को सौंपने की तैयारी चल रही है। इस घटना से इलाके में गहरा शोक और आक्रोश है।
 
स्थानीय लोगों ने मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की है। साथ ही, रोजगार के लिए दूर-दराज जाने वाले युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठ रही है। एम. रहीम की असमय मौत न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोकाकुल परिवार और क्षेत्रवासियों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

About The Author

Post Comments

Comments