अवैध शराब के खिलाफ बलिया पुलिस का प्रहार, रेवती में बड़ी छापेमारी

छापेमारी कर अवैध शराब के ठिकानों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलिया: जनपद में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए माफियाओं पर कड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेवती थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम भाखर और वार्ड नंबर 2 दुसाध टोली में छापेमारी कर अवैध शराब के ठिकानों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।

इस कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर ही लगभग 3000 लीटर लहन नष्ट किया, जबकि शराब बनाने में प्रयुक्त 25 अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया।अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर एवं क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल, आबकारी निरीक्षक विनय राय और उपनिरीक्षक ऋषिकेश गुप्ता सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने उनके पूरे नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। बलिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments