नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
अमेठी में ‘स्कूल चलो अभियान’ का आगाज, बच्चों को स्कूल से जोड़ने पर जोर
डीएम ने दिखाई हरी झंडी, शिक्षा जागरूकता वाहन हुआ रवाना
अमेठी। जनपद में शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारम्भ बुधवार को जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर परिसर में भव्य समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संजय चौहान एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इसके उपरांत पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय पचेहरी के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय गौरीगंज प्रथम एवं प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर के बच्चों ने ‘स्कूल चलो अभियान’ पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। जिलाधिकारी संजय चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि बेसिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की नींव होती है। इसलिए प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में बच्चों को खेल-खेल में सीखने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे उनकी सीखने की क्षमता में वृद्धि हो सके। उन्होंने ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के माध्यम से बेसिक शिक्षा में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने कहा कि वर्तमान में बेसिक शिक्षा विभाग के छात्र राष्ट्रीय योग्यता आधारित छात्रवृत्ति, नवोदय विद्यालय एवं विद्याज्ञान जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में चयनित हो रहे हैं, जो शिक्षा में सुधार का स्पष्ट संकेत है।
उन्होंने शिक्षकों को अभिभावकों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। साथ ही उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से अपने नजदीकी विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन कराने की अपील की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि ‘स्कूल चलो अभियान’ का प्रथम चरण 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक तथा द्वितीय चरण 01 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराएंगे।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा अभियान के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही नवप्रवेशी बच्चों को स्कूल बैग, पुस्तकें, कॉपियां एवं पेन वितरित कर सम्मानित किया गया। शैक्षिक सत्र 2025-26 में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले शिक्षकों को जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बच्चों एवं शिक्षकों से संवाद कर पठन-पाठन की स्थिति की जानकारी भी ली।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी गौरीगंज अर्जुन सिंह, सिंहपुर से हरिओम तिवारी, जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) प्रवीण कुमार सिंह, ईएमआईएस इंचार्ज मनीष मिश्रा, जिला समन्वयक प्रशिक्षण गोविन्द शुक्ल, निपुण भारत के जिला समन्वयक आशुतोष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में एसआरजी अमिता मिश्रा, एआरपी प्रमोद कुमार तिवारी, बद्री विशाल सिंह, हरिकेश यादव, कार्यालय सहायक सत्येंद्र यादव एवं विकासखंड गौरीगंज के समस्त एआरपी एवं शिक्षक संकुल का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन यूपीएस विद्यालय के शिक्षक एवं प्रखर वक्ता डॉ रमेश सिंह द्वारा किया गया।
swatantra prabhat news amethi news Basic education department up education news अमेठी न्यूज DM Sanjay Chauhan Operation Kayakalp UP Government School Program School Enrollment Drive School Chalo Abhiyan Amethi Basic Shiksha Abhiyan UP Education Campaign Amethi Gauriganj Amethi News Sachin Kumar Singh CDO Student Enrollment Campaign


Comments