नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
LPG सिलेंडर हुआ महंगा, जानें कितने बढ़ गए रेट
LPG Cylinder: ईरान-इजरायल युद्ध के बीच एलपीजी सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी कर दी गई है। 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में करीब 115 रुपये तक का इजाफा किया गया है।
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में सात दिन के भीतर यह दूसरी बार बढ़ोतरी है। इससे पहले 1 मार्च को भी इसकी कीमत में 28 से 31 रुपये तक की वृद्धि की गई थी। नई कीमतें शनिवार, 7 मार्च 2026 से लागू हो गई हैं। वहीं दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल के दाम फिलहाल लगभग स्थिर बने हुए हैं और कई शहरों में सिर्फ कुछ पैसों का मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली है। शुक्रवार को वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल के दाम अचानक बढ़ गए, जिससे ग्लोबल ट्रेडर्स भी चौंक गए। तेल के वायदा भाव में तेज उछाल दर्ज किया गया और करीब 8-9 घंटे के भीतर WTI क्रूड ऑयल की कीमत लगभग 12 डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ गई।
कुछ समय के लिए इसका भाव 92 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। इस उछाल के कारण वैश्विक कमोडिटी बाजार में हलचल मच गई। भारतीय समयानुसार शनिवार सुबह 6:30 बजे WTI क्रूड ऑयल की कीमत 9.89 डॉलर यानी 12.21% की बढ़त के साथ 90.90 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई, जबकि ब्रेंट क्रूड 7.63 डॉलर यानी 8.93% की तेजी के साथ 93.04 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। कोलकाता में इसकी कीमत अब 939 रुपये हो गई है। मुंबई में घरेलू गैस सिलेंडर 912.50 रुपये में मिलेगा, जबकि चेन्नई में इसकी कीमत बढ़कर 928.50 रुपये हो गई है।
Read More सुप्रीम कोर्ट ने राजनीतिक दलों की ‘मनी पावर’ पर रोक लगाने की याचिका पर चुनाव आयोग से जवाब मांगाकमर्शियल यानी 19 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमतों में भी 114.50 से 115 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद दिल्ली में यह सिलेंडर 1,883 रुपये का हो गया है। मुंबई में इसकी कीमत 1,835 रुपये, कोलकाता में 1,990 रुपये और चेन्नई में 2,043.50 रुपये तक पहुंच गई है।
वहीं सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में सीएनजी का भाव करीब 77.09 रुपये प्रति किलो और पीएनजी की कीमत लगभग 47.89 रुपये प्रति एससीएम बनी हुई है। नोएडा में सीएनजी करीब 85.7 रुपये प्रति किलो और मुंबई में लगभग 76.6 रुपये प्रति किलो के आसपास बिक रही है। इस बीच अदाणी टोटल गैस ने घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए घरों में इस्तेमाल होने वाली सीएनजी-पीएनजी की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं, हालांकि औद्योगिक ग्राहकों के लिए सीमित दायरे से बाहर इनके रेट्स में वृद्धि की गई है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों की बात करें तो इनमें फिलहाल स्थिरता बनी हुई है। शनिवार, 7 मार्च 2026 को दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में भी कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।
हालांकि कुछ शहरों में मामूली गिरावट देखी गई है। नोएडा में पेट्रोल करीब 5 पैसे सस्ता होकर 94.85 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 पैसे घटकर 87.98 रुपये प्रति लीटर हो गया है। गाजियाबाद में पेट्रोल 29 पैसे गिरकर 94.41 रुपये और डीजल 34 पैसे कम होकर 87.47 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं पटना में पेट्रोल 58 पैसे सस्ता होकर 105.54 रुपये और डीजल 54 पैसे की गिरावट के साथ 91.78 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है।
About The Author
imskarwasra@gmail.com
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l

Comments