नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
शराब के पैसे को लेकर हुए विवाद में दामाद की हत्या का खुलासा, दो गिरफ्तार
28 फरवरी को उसका शव कोयल नदी के किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ था
पलामू, झारखंड:- पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चेडाबार में 28 फरवरी को हुई युवक युगेश सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, मृतक युगेश सिंह पलामू के नावाबाजार थाना क्षेत्र का निवासी था और उसका ससुराल चेडाबार गांव में है। 28 फरवरी को उसका शव कोयल नदी के किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ था।
इस मामले में मृतक की पत्नी ने चैनपुर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पलामू पुलिस ने जांच के दौरान मामले का खुलासा करते हुए चेडाबार निवासी शिवपूजन सिंह और जयप्रकाश सिंह को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने जानकारी दी कि शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में इस हत्या को अंजाम दिया गया था। एसपी के अनुसार घटना के दिन युगेश सिंह शराब के नशे में बैठा हुआ था।
इसी दौरान दोनों आरोपी वहां पहुंचे और उससे शराब के लिए पैसे मांगने लगे। पैसे को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने युगेश के सिर पर फाइटर से वार किया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने शव को कोयल नदी किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने तफ्तीश कर मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस हत्याकांड के उद्भेदन में इंस्पेक्टर पूनम टोप्पो, चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा, सब इंस्पेक्टर बाबूलाल दुबे, छत्रधारी कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही।

Comments